पटना: 19 जुलाई 2025 :: प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पटना के प्रतिष्ठित ‘लोयोला हाई स्कूल’ के प्रांगण में ‘ब्रदर रेमंड’ की स्मृति में अंतर -विद्यालय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन उभरते चित्रकारों की प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए 19 जुलाई 2025 को किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई | उसके बाद ‘ब्रदर रेमंड’ को पुष्पांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात लोयोला हाई स्कूल के प्राचार्य ब्रदर जॉनसन वी. जौर्ज ने अपने प्रेरक शब्दों से सभी का स्वागत किया एवं बच्चों का उत्साह बढ़ाया।


प्रतियोगिता कक्षा तीसरी से दसवीं तक के छात्रों के लिए थी। इसमें पटना के 21 विद्यालयों के लगभग 320 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से उन्हें कलात्मक अन्वेषण और नवीनता की भावना को बढ़ावा देनेवाले विभिन्न विषयों और तकनीकों का पता लगाने का अवसर प्राप्त हुआ। यह कार्यक्रम कला, रचनात्मकता और प्रतिभा का एक वास्तविक उत्सव साबित हुआ, जिसमें विभिन्न स्कूलों के युवा कलाकारों ने अपनी कलात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
इस दौरान लोयोला हाई स्कूल के म्यूजिक क्लब के छात्रों ने सुगम-संगीत, शास्त्रीय- संगीत तथा बाँसुरीवादन द्वारा समा बाँध दिया। साथ ही छात्रों ने एक खूबसूरत नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर इस अवसर में चार चाँद लगा दिया।