आईआईटी पटना ने 17वां स्थापना दिवस मनाया

Uncategorized

पटना: 6 अगस्त 2025 :: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, पटना (आई आई टी पटना) ने अपने 17वें स्थापना दिवस को पूरे उत्साह और भव्यता के साथ संस्थान के शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवीनतम अनुसंधान और तकनीकी प्रगति के गौरवपूर्ण क्षणों को स्मरण करते हुए मनाया।

स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई, जो कि संस्थान के सिनेट हॉल में आयोजित किया गया। आईआईटी पटना के निदेशक प्रोफेसर टी. एन. सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा संस्थान के संकाय सदस्यों, छात्रों, कर्मचारियों, पूर्व छात्रों एवं उनके परिवारजनों को शुभकामनाएं दीं। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने आईआईटी पटना समुदाय से ऊँचे लक्ष्य निर्धारित करने और अपने उद्देश्यों के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

प्रो. सिंह ने कहा, “समर्पण, लगन और अनुशासन के माध्यम से स्वयं का उदाहरण बनें। स्वयं की समीक्षा करें और अपने आप से प्रतिस्पर्धा करें, ताकि आप अपने से बेहतर बन सकें।”

समारोह के मुख्य अतिथि श्री पी. के. तिवारी (आईएएस), महानिदेशक, भारतीय मानक ब्यूरो (बी आई एस), भारत सरकार ने अपने संबोधन में उत्कृष्टता प्राप्त करने में सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “आईआईटी पटना में बीआईएस स्टूडेंट्स चैप्टर का उद्घाटन संस्थान के लिए गर्व का क्षण है। यह पहल शैक्षणिक शिक्षा और राष्ट्रीय मानकों के बीच एक सेतु के रूप में कार्य करेगी, जिससे छात्र भविष्य के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकेंगे।”

बीआईएस स्टूडेंट्स चैप्टर तथा बीआईएस कॉर्नर का उद्घाटन श्री पी. के. तिवारी , तिवारी (आईएएस), महानिदेशक, भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), भारत सरकार एवं प्रो. टी. एन. सिंह द्वारा अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर श्री चंद्रकेश सिंह, वैज्ञानिक एवं निदेशक, बीआईएस पटना; श्री कौशिक दत्ता, निदेशक, बीआईएस प्रयोगशाला, पटना; डॉ. पी. के. तिवारी, एसोसिएट डीन (छात्र कल्याण); तथा प्रो. दिनेश कुमार कोटनिश, एसोसिएट डीन (फैकल्टी अफेयर्स), सहित विभागाध्यक्ष, कर्मचारीगण एवं छात्र उपस्थित रहे।

संस्थान के छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समारोह में उत्साह का संचार किया तथा दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह का समापन केक काटने की परंपरा के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि, निदेशक, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्रगण सम्मिलित हुए। पूरे आईआईटी पटना समुदाय ने इस महत्वपूर्ण दिन को मिलकर उल्लासपूर्वक मनाया।

अंत में डॉ. ऋषव सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों का 17वें स्थापना दिवस को स्मरणीय बनाने हेतु हार्दिक आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *