विधानसभा चुनाव 2025: उप श्रमायुक्त राकेश रंजन ने श्रमिकों को मतदान दिवस पर सवैतनिक अवकाश की दी जानकारी

Uncategorized

दरभंगा, 05 नवम्बर 2025। विधानसभा चुनाव 2025 के अवसर पर स्वीप कार्यक्रम के तहत दरभंगा प्रमंडल के उप श्रमायुक्त राकेश रंजन ने बुधवार को जिले के बड़े निर्माण स्थलों एवं दोनार तथा बेला औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहाँ कार्यरत सैकड़ों श्रमिकों और कामगारों को मतदान दिवस 6 नवम्बर 2025 को मिलने वाले सवैतनिक अवकाश के संबंध में जानकारी दी।

उप श्रमायुक्त ने सर्वप्रथम कर्पूरी चौक स्थित डीएमसीएच परिसर के निर्माण स्थल का दौरा किया, जहाँ उन्होंने बताया कि श्रम संसाधन विभाग के सचिव द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी श्रमिकों के लिए मतदान दिवस पर सवैतनिक अवकाश देने का आदेश जारी किया गया है। यह प्रावधान लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135(ख) के अंतर्गत किया गया है।

उन्होंने आदेश की प्रतिलिपि निर्माण स्थल के नियोजकों और ठेकेदारों को सौंपी तथा निर्देश दिया कि यह आदेश सभी श्रमिकों तक पहुँचे और स्थल पर प्रदर्शित किया जाए।

इसके बाद उप श्रमायुक्त ने दोनार और बेला औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण किया, जहाँ उन्होंने मां अम्बे फूड्स, यूनिकॉर्न स्नैक्स, दुर्गा राइस मिल, सीता फ्लावर मिल, मिथिला फ्लावर मिल सहित अन्य प्रतिष्ठानों में जाकर श्रमिकों से संवाद किया। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र में जाकर मतदान करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी दें।

उप श्रमायुक्त ने नियोजकों एवं प्रतिष्ठान प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे 6 नवम्बर को सभी कामगारों को सवैतनिक अवकाश प्रदान करें तथा उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि —

“लोकतंत्र को मजबूत बनाना हम सबका सामूहिक दायित्व है। सभी श्रमिक एवं कामगार अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को सशक्त बनाएं।”

इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे जिन्होंने मतदान में भागीदारी का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *