समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने दरभंगा को दी बड़ी सौगात

Regional

  • कंचन चौधरी

पटना/दरभंगा :: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में आज दरभंगा जिले को बड़ी विकासात्मक सौगात दी। इस दौरान उन्होंने जिले में 138 करोड़ रुपये की लागत से कुल 90 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 105 करोड़ रुपये की लागत से 50 योजनाओं का शिलान्यास तथा 33 करोड़ रुपये की लागत से 40 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।
138 करोड़ की लागत से 90 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास, विकास कार्यों की प्रगति का लिया जायजा। मुख्यमंत्री ने दरभंगा जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

अंतर्राज्यीय/अंतर्राष्ट्रीय बस स्टैंड का निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने दरभंगा शहर के दिल्ली मोड़ स्थित निर्माणाधीन अंतर्राज्यीय/अंतर्राष्ट्रीय बस स्टैंड के पुनर्विकास कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के तहत G+4 कार्यालय भवन, कॉन्कोर्स, प्लेटफॉर्म, मेंटेनेंस डिपो, पार्किंग, फुटपाथ, शौचालय ब्लॉक, 700 किलोलीटर क्षमता का एसटीपी, बाउंड्री व कैंपस विकास तथा प्रकाश व्यवस्था जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इस परियोजना को अगले दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

प्रमुख सड़क एवं शहरी विकास योजनाएं प्रगति पर अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को प्रगति यात्रा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि दोनार चौक के पास आरओबी निर्माण, शोभन डैम–मकिया पथ, शोभन बाइपास से प्रस्तावित एम्स तक फोरलेन पथ, शोभन–एकमी पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण,
दरभंगा–कुशेश्वरस्थान पथ से धबौलिया तक बाइपास निर्माण, मिथिला शोध संस्थान का आधुनिकीकरण एवं संरक्षण, दरभंगा रेलवे स्टेशन से आमस–दरभंगा एक्सप्रेस-वे तक एलिवेटेड कॉरिडोर, बाबा कुशेश्वरस्थान एवं अहिल्यास्थान का विकास, गंगासागर, हराही एवं दिग्घी तालाब का सौंदर्यीकरण एवं एकीकृत विकास तेजी से प्रगति पर हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से दरभंगा जिले का समग्र विकास होगा और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
हवाई अड्डा, लॉजिस्टिक पार्क और आमस-दरभंगा पथ मुख्यमंत्री ने दरभंगा हवाई अड्डा के पास निर्माणाधीन सिविल एनक्लेव तथा लॉजिस्टिक पार्क एवं कार्गो हब के लिए चिन्हित 50 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया।

इसके अलावा उन्होंने आमस-दरभंगा पथ परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए इसे अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना एनएच-02 और एनएच-27 को जोड़ते हुए बिहार को पश्चिम बंगाल, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। जीविका दीदियों एवं लाभुकों को सहायता
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित नागेंद्र झा स्टेडियम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने 23,384 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 93,536 जीविका दीदियों को 311.79 करोड़ रुपये के बैंक क्रेडिट लिंकेज का सांकेतिक चेक,
नारी शक्ति योजना, मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान, मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान, तथा बैटरी चालित ट्राइसाइकिल की चाभियां लाभुकों को प्रदान कीं।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, विधायकगण, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *