पटना। 26 अप्रैल 2026 :: मैथिली महिला संघ, पटना द्वारा जानकी अवतरण दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में नदियामी गांव की प्रतिभाशाली बेटी खुशबू कुमारी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। खुशबू ने पटना विश्वविद्यालय से मैथिली विषय में स्नातकोत्तर (पीजी) परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर मिथिला क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
खुशबू कुमारी ने न केवल अपने बैच में टॉप किया, बल्कि प्रथम प्रयास में यूजीसी-नेट परीक्षा भी उत्तीर्ण कर शिक्षण क्षेत्र में अपनी मजबूत दावेदारी प्रस्तुत की है। उनकी इस उपलब्धि पर समारोह में उपस्थित विद्वानों, समाजसेवियों एवं सांस्कृतिक जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी।
विशेष बात यह रही कि खुशबू ने परीक्षा में मिथिलाक्षर लिपि में उत्तर लिखकर अपनी भाषा, संस्कृति और परंपरा के प्रति गहरा समर्पण दिखाया। उन्हें 83.50 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। इससे पूर्व भी वे ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की स्नातक परीक्षा में टॉपर रह चुकी हैं।
मैथिली महिला संघ की श्रीमती मंजू झा ने कहा कि “खुशबू जैसी बेटियां मिथिला समाज के लिए प्रेरणा हैं। उनकी सफलता यह सिद्ध करती है कि कठिन परिश्रम, लगन और संस्कार के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।”
खुशबू साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता मुंबई में ज्वेलरी व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि माता जीविका समूह से जुड़ी हैं। गांव के विद्यालय से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने वाली खुशबू ने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास से यह मुकाम हासिल किया है।
सम्मान ग्रहण करते हुए खुशबू ने कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनका अगला लक्ष्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर समाज और देश की सेवा करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने खुशबू कुमारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें मिथिला की नई पहचान बताया।