उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ महापर्व छठ

Uncategorized

लोक आस्था, पवित्रता, अनुशासन और अटूट श्रद्धा का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदयगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने और व्रतियों के पारण के साथ संपन्न हो गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही छठ घाटों, तालाबों और घरों की छतों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और सुखी जीवन की कामना की। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाली कठिन साधना का समापन हुआ।

छठ पूजा चार दिवसीय कठिन व्रत और साधना का पर्व है। इसकी शुरुआत पहले दिन नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन खरना के साथ व्रती निर्जला उपवास की शुरुआत करते हैं। तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का समापन किया जाता है। इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें प्रत्यक्ष रूप से प्रकृति के साक्षात देवता सूर्य की आराधना की जाती है। साथ ही छठी मइया के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए परिवार और विशेष रूप से संतान के सुखी, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की जाती है। छठ पूजा में जाति, धर्म और समुदाय का भेद गौण हो जाता है। इसमें सामाजिक समानता और सामूहिक सहभागिता का अनूठा दृश्य देखने को मिलता है। पूजा में पारंपरिक पकवान, ठेकुआ, फल और घर में तैयार प्रसाद का विशेष महत्व होता है। इस दौरान छठ के पारंपरिक लोकगीत वातावरण को भक्तिमय बना देते हैं।

पटना में इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों और सार्वजनिक तालाबों के साथ-साथ अपने घरों की छतों पर ही भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। बदलती जीवनशैली और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए घरों की छतों पर छठ पूजा करने की परंपरा भी तेजी से लोकप्रिय हो रही है।
आशियाना-दीघा रोड स्थित विशाल आदित्य अपार्टमेंट के निवासी नवलेश शर्मा ने बताया कि वे सहूलियत को ध्यान में रखते हुए अपने घर की छत पर ही अस्ताचलगामी और उदयगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इससे परिवार के सभी सदस्य आसानी से पूजा में शामिल हो पाते हैं और उन्हें पूरी संतुष्टि मिलती है। वहीं, गोला रोड स्थित सर्वोदय नगर के अनिल कुमार और सुनील कुमार ने बताया कि उनके यहां काफी समय से घर की छत पर ही अर्घ्य देने की परंपरा चली आ रही है। अब यह केवल सुविधा नहीं, बल्कि उनके परिवार की परंपरा का हिस्सा बन चुकी है। परिवार के सभी सदस्य मिलकर पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ छठ पूजा करते हैं।

कंकड़बाग निवासी ह्यूमन राइट्स डिफेंडर की संस्थापक पूजा सिन्हा ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से लगातार छठ व्रत कर रही हैं। वह अपने घर की छत पर ही भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं। उनका कहना है कि छठ व्रत घर की छत पर हो, तालाब के किनारे हो अथवा गंगा जी के पवित्र तट पर, स्थान बदलने से श्रद्धा और पवित्रता में कोई अंतर नहीं आता। महत्वपूर्ण है कि व्रत पूरी निष्ठा, पवित्रता, लगन और समर्पण के साथ किया जाए।

छठ महापर्व का आध्यात्मिक संदेश भी अत्यंत प्रेरणादायक है। सामान्य धारणा है कि जिसका उदय होता है, उसका अस्त होना निश्चित है। लेकिन छठ पर्व हमें जीवन का एक सकारात्मक पक्ष दिखाता है। डूबते सूर्य को भी उतनी ही श्रद्धा से अर्घ्य दिया जाता है, जितनी श्रद्धा से उगते सूर्य की आराधना होती है। यह परंपरा सिखाती है कि जीवन में अस्त होना अंत नहीं है। अंधकार के बाद प्रकाश और निराशा के बाद आशा का उदय भी निश्चित है। समय कभी एक जैसा नहीं रहता। इसलिए सफलता में अहंकार और कठिन परिस्थितियों में निराशा से बचना चाहिए।

छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द, आपसी सद्भाव, शांति, समृद्धि और सादगी का महापर्व है। इसमें दिखावा नहीं, बल्कि शुद्धता और आत्मानुशासन को महत्व दिया जाता है। प्रसाद तैयार करने से लेकर घाटों की सफाई और पूजा की व्यवस्था तक समाज के सभी वर्ग मिलकर योगदान देते हैं।

बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों में विशेष रूप से मनाया जाने वाला यह प्राचीन वैदिक परंपरा से जुड़ा पर्व आज देश-विदेश में भी अपनी पहचान बना चुका है। बिहार की सांस्कृतिक पहचान के रूप में छठ ने दुनिया को भारतीय लोकपरंपरा, प्रकृति पूजा और पारिवारिक संस्कारों का संदेश दिया है।

उगते सूर्य को अंतिम अर्घ्य के साथ छठ महापर्व भले ही संपन्न हो गया हो, लेकिन इसकी आस्था, अनुशासन, पारिवारिक एकजुटता और सामाजिक समरसता का संदेश पूरे वर्ष लोगों के मन में जीवंत रहेगा। छठी मइया से यही प्रार्थना है कि सभी परिवारों में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *