वसंत उत्सव में मिथिला संस्कृति और सामाजिक सेवा का अद्भुत संगम

Art and culture

  • कंचन चौधरी

पटना, 15 फरवरी 2026: पटना के विद्यापति भवन में दिनांक 14 फरवरी 2026 को चेतना समिति के सहयोग से सखी बहिनपा मैथिलानी समूह द्वारा वसंत उत्सव का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। यह उत्सव मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, मैथिली भाषा के संरक्षण तथा सामाजिक सेवा के संकल्प को समर्पित रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. रेखा झा (निदेशक प्रमुख, नर्सिंग एवं रोग नियंत्रण, पटना), श्रीमती डॉ. नीना झा (उप निदेशक, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग), श्रीमती मंजू झा (वरिष्ठ अधिवक्ता, पटना उच्च न्यायालय एवं उपाध्यक्ष, चेतना समिति), डॉ. इंदिरा झा (सेवानिवृत्त मैथिली प्रोफेसर एवं साहित्यकार) तथा प्रियंक मिश्रा (अध्यक्ष, मिथिलावादी पार्टी, मैथिली कार्यकर्ता एवं कवयित्री) प्रमुख रूप से शामिल रहे।

संस्था की अध्यक्ष श्रीमती नेहा झा ने अपने संबोधन में कहा कि सखी बहिनपा मैथिलानी समूह का प्रमुख उद्देश्य मैथिली भाषा, मिथिला की संस्कृति एवं परंपराओं का संरक्षण करना तथा समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर आर्थिक रूप से जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना है। इसी भावना के तहत कार्यक्रम के दौरान एक मैथिली कन्या के विवाह हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया, जिसकी उपस्थित जनों ने मुक्त कंठ से सराहना की।

वसंत उत्सव में शिवरात्रि एवं होली के पावन अवसरों को ध्यान में रखते हुए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियाँ दी गईं। मैथिली गीत, लोकनृत्य एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों से पूरा सभागार सांस्कृतिक रंगों में सराबोर रहा। विशेष रूप से शिव तांडव स्तोत्र पर कृतिका द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

होली के उल्लासपूर्ण रंगों और पारंपरिक हुरदंग ने कार्यक्रम में उत्साह, आनंद और आपसी भाईचारे का वातावरण निर्मित किया। यह आयोजन मिथिला की सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत रखने, मैथिली भाषा को प्रोत्साहन देने तथा सामाजिक एकजुटता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *