पटना : आकाशवाणी पटना के मैथिली नाटक विभाग की पहली मैथिली भाषी महिला कलाकार श्रीमती सावित्री देवी की तीसरी पुण्यतिथि पर आज पटना के आसावरी सभागार में भावपूर्ण स्मरणोत्सव का आयोजन किया गया। समारोह में गीत, कविताओं और संस्मरणों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कलाकार, कवि एवं साहित्यकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सावित्री देवी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। सभा की शुरुआत करते हुए सरोद वादक एवं पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय की प्रो. रीता दास ने कहा कि सावित्री देवी को स्मरण करना बिहार के कला इतिहास से साक्षात्कार करने जैसा है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं एक उत्कृष्ट कलाकार थीं, साथ ही अन्य कलाकारों के प्रोत्साहन और उनके उन्नयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती थीं।
इस अवसर पर कवि अमलेंदु अस्थाना ने माँ पर रचित अपनी भावपूर्ण कविताएँ सुनाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
डॉ. रेखा दास एवं डॉ. रमा दास ने ब्रह्मानंद की रचना “मनवा रे राम भजन जग सारा” प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात प्रियंका, श्रेया, आद्या, प्रीति, अमरनाथ, रोशन और सुदीप सहित अन्य कलाकारों ने गीत-भजनों के माध्यम से अपनी संगीतमय श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर अशोक प्रियदर्शी, श्यामल दास, दिनेश कुमार, मधु दास एवं रीना सोपम सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सावित्री देवी के कला योगदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि के साथ हुआ।