भारतीय संस्कृति में पर्व-त्योहार केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं हैं, बल्कि वे पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करने और सामाजिक परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवित रखने का माध्यम भी है। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का प्रतीक भैया दूज ऐसा ही एक पर्व है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना करती है। बिहार सहित देश के अनेक हिस्सों में भैया दूज के अवसर पर गोधन कूटने की परंपरा इस पर्व को विशेष पहचान देती है।
पटना में भैया दूज का पर्व पारंपरिक उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व की तैयारियां शुरू हो गई थी। बहनों ने गाय के गोबर से गोधन की आकृतियां बनाई और सामूहिक रूप से उनकी पूजा-अर्चना की। इसके बाद गोधन कूटने की पारंपरिक रस्म पूरी की गई।
यह परंपरा केवल एक धार्मिक क्रिया नहीं है, बल्कि भाई के प्रति बहन के प्रेम, समर्पण और मंगलकामना की लोक अभिव्यक्ति है। बहनें इस अनुष्ठान के माध्यम से अपने भाइयों को जीवन की परेशानियों, संकटों और अकाल मृत्यु से सुरक्षित रखने की प्रार्थना करती है।
गोधन कूटने की रस्म में एक विशिष्ट लोकाचार भी देखने को मिलता है। लोकमान्यता के अनुसार, पूजा के दौरान बहनें प्रतीकात्मक रूप से अपने भाइयों को श्राप देती हैं। इसके बाद अपनी जीभ में कांटा चुभाकर प्रायश्चित करती है। इस रस्म का धार्मिक और सांकेतिक महत्व माना जाता है।
इस परंपरा के पीछे यह भाव जुड़ा है कि बहन अपने भाई के जीवन से सभी अनिष्टों को दूर करना चाहती है। वह प्रतीकात्मक रूप से संकटों को आमंत्रित कर स्वयं प्रायश्चित करती है और भाई की दीर्घायु की कामना करती है। इस दौरान यमराज की विशेष पूजा भी की जाती है। मान्यता है कि इससे भाइयों को अकाल मृत्यु का भय नहीं रहता और उनका जीवन सुखमय बना रहता है।
गोधन कूटने की रस्म पूरी होने के बाद बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर रोली और अक्षत का तिलक लगाया। आरती उतारी और मिठाई खिलाकर उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की। भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार भेंट किए और उनके प्रति स्नेह एवं सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर घरों में उत्सव जैसा माहौल रहा। कहीं बहनों ने सामूहिक रूप से पूजा की तो कहीं परिवार के सदस्यों ने एक साथ बैठकर पर्व की खुशियां साझा की। आधुनिक जीवनशैली और व्यस्त दिनचर्या के बावजूद लोगों में अपनी पारंपरिक मान्यताओं और रीति-रिवाजों के प्रति उत्साह दिखाई दिया।
पटना के विशाल आदित्य अपार्टमेंट में रहने वाली सुरभि सिन्हा तथा यारपुर स्थित शैलजा अपार्टमेंट की अंजली सिन्हा और मीना सिन्हा ने भी गोधन कूटने की परंपरा निभाई। उन्होंने बताया कि भाई दूज के अवसर पर गोधन कूटकर बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र और मंगलमय जीवन की कामना करती है। यह हमारी पुरानी लोक परंपरा है, जिसे आज भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाया जा रहा है। उनका कहना था कि पर्व-त्योहारों के माध्यम से परिवार के सदस्य एक-दूसरे के करीब आते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
भैया दूज का महत्व केवल तिलक लगाने, पूजा करने और उपहार देने तक सीमित नहीं है। यह पर्व भाई-बहन के बीच आजीवन बने रहने वाले विश्वास और भावनात्मक संबंधों का उत्सव है। रक्षाबंधन की तरह भैया दूज भी इस रिश्ते की आत्मीयता को अभिव्यक्त करता है। गोधन कूटने जैसी लोक परंपराएं भारतीय संस्कृति की विविधता और गहराई को सामने लाती हैं। इन परंपराओं में धार्मिक आस्था के साथ परिवार, समाज और लोकजीवन की भावनाएं भी समाहित है।
आज जब बदलती जीवनशैली में पारिवारिक रिश्तों के लिए समय निकालना चुनौती बनता जा रहा है, ऐसे पर्व हमें अपने संबंधों का महत्व समझाते हैं। बहनों की प्रार्थना और भाइयों का स्नेह यही संदेश देता है कि रिश्तों की वास्तविक समृद्धि धन या उपहार में नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति प्रेम, विश्वास, सम्मान और मंगलभावना में निहित है। गोधन कूटने की परंपरा इसी सनातन भाव को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाती है।