मुंगेर, 9 नवंबर 2026 (सोमवार)। देव दीपावली सह दीपोत्सव के पावन अवसर पर मुंगेर की सांस्कृतिक संस्था ‘निशा ओंकार कला कुंज’ की ओर से प्रभु श्रीराम, माता सीता एवं वीर हनुमान की दिव्य एवं भव्य झांकी निकाली गई। रथ, घोड़े और नगाड़ों के साथ निकली यह आकर्षक शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
शोभायात्रा सोमवार की संध्या लगभग 4:30 बजे निकाली गई। यह मंगल बाजार, नीलम सिनेमा, कोतवाली होते हुए किला परिसर स्थित पोलो मैदान पहुँची। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ झांकी का स्वागत किया।
पोलो मैदान पहुँचने पर प्रभु श्रीराम, माता सीता एवं वीर हनुमान की झांकी का पुष्पवर्षा एवं आरती उतारकर भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात प्रभु श्रीराम, माता सीता एवं कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर देव दीपावली सह दीपोत्सव कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर हजारों दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा परिसर दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठा। श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के वातावरण में दीपोत्सव कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस भव्य झांकी में प्रभु श्रीराम की भूमिका अभिनेता, निर्देशक एवं नृत्य गुरु रितेश मिश्रा ने निभाई। वहीं माता सीता के रूप में आरोही तथा वीर हनुमान के रूप में देव हर्ष ने अपनी आकर्षक प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।
निशा ओंकार कला कुंज की इस प्रस्तुति ने देव दीपावली के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को जीवंत करते हुए भगवान श्रीराम के आदर्श, माता सीता की मर्यादा और वीर हनुमान की भक्ति एवं समर्पण का संदेश जनमानस तक पहुँचाया। आयोजन ने मुंगेर की सांस्कृतिक परंपरा, सामूहिक आस्था और दीपोत्सव की भव्यता को एक सुंदर स्वरूप प्रदान किया।