नई वैज्ञानिक तकनीकें मस्तिष्क की पुनः सीखने की क्षमता को कर रही हैं मजबूत : डॉ. नीरज मिश्रा

Uncategorized

चिकित्सा विज्ञान में तेजी से हो रहे तकनीकी विकास ने न्यूरो पुनर्वास (तंत्रिका पुनर्वास) के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोल दिए हैं। अब पुनर्वास का उद्देश्य केवल मांसपेशियों की ताकत बढ़ाना या मरीज को चलने-फिरने योग्य बनाना नहीं रह गया है, बल्कि उसे दैनिक जीवन में दोबारा सक्रिय, आत्मनिर्भर और सामाजिक रूप से सक्षम बनाना भी है। आधुनिक तकनीक, नियमित अभ्यास और चिकित्सकीय मार्गदर्शन के समन्वय से स्ट्रोक, ब्रेन इंजरी, लकवा और तंत्रिका तंत्र से जुड़ी अन्य समस्याओं से प्रभावित लोगों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाई जा सकती है।

इसी विषय पर बिहार सरकार के स्वास्थ्य शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अधीन संचालित बिहार कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी एंड ओक्यूपेशनल थेरेपी (बीसीपीओ), विकलांग भवन अस्पताल, कंकड़बाग, पटना में ‘विश्व फिजियोथेरेपी एवं ओक्यूपेशनल थेरेपी दिवस-2026 उत्सव पखवाड़ा’ के अंतर्गत विशेष वैज्ञानिक कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जीआईपीएमईआर, नई दिल्ली के न्यूरोलॉजी विभाग के वरिष्ठ ओक्यूपेशनल थेरेपिस्ट डॉ. नीरज मिश्रा ने ‘Recent Advances in Neuro Rehabilitation’ विषय पर व्यावहारिक और वैज्ञानिक जानकारी दी।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए डॉ. नीरज मिश्रा ने कहा कि न्यूरो रिहैबिलिटेशन मस्तिष्क, रीढ़ की हड्डी और तंत्रिका तंत्र से जुड़ी समस्याओं के बाद खोई हुई क्षमताओं को दोबारा विकसित करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। स्ट्रोक, ब्रेन इंजरी, स्पाइनल कॉर्ड इंजरी, पार्किंसंस रोग और सेरेब्रल पाल्सी जैसी स्थितियों में यह विशेष रूप से उपयोगी है। उन्होंने न्यूरोप्लास्टिसिटी को पुनर्वास की महत्वपूर्ण वैज्ञानिक अवधारणा बताते हुए कहा कि मस्तिष्क में अभ्यास, अनुभव और सीखने के माध्यम से नए तंत्रिका संबंध बनाने और पुराने संबंधों को मजबूत करने की क्षमता होती है। नियमित अभ्यास, उचित तीव्रता, दोहराव और व्यक्ति के जीवन से जुड़े लक्ष्य इस क्षमता को प्रोत्साहित करते हैं।

डॉ. मिश्रा ने बताया कि ऑक्यूपेशनल थेरेपी व्यक्ति को भोजन करने, कपड़े पहनने, लिखने, वस्तुएं पकड़ने और अन्य दैनिक गतिविधियों में आत्मनिर्भर बनाने पर केंद्रित होती है। इसके अंतर्गत मिरर थेरेपी, प्रभावित हाथ का विशेष प्रशिक्षण, दोनों हाथों का अभ्यास तथा स्मृति, ध्यान और समस्या समाधान से जुड़े अभ्यास कराए जाते हैं। वहीं फिजियोथेरेपी का उद्देश्य शरीर की गति, मांसपेशियों की शक्ति, संतुलन, समन्वय और चलने की क्षमता में सुधार करना है। इसके लिए गेट ट्रेनिंग, बैलेंस ट्रेनिंग, स्ट्रेंथनिंग और फंक्शनल इलेक्ट्रिकल स्टिमुलेशन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है। दोनों चिकित्सा पद्धतियों का समन्वय मरीज को बेहतर कार्यात्मक परिणाम देने में सहायक होता है।

आधुनिक तकनीकों की चर्चा करते हुए उन्होंने वर्चुअल रियलिटी (वीआर), कंप्यूटर आधारित पुनर्वास और रोबोटिक तकनीक की उपयोगिता बताई। वीआर के माध्यम से मरीज आभासी वातावरण में वस्तुओं को पकड़ने, हाथ बढ़ाने, चलने और संतुलन बनाने का अभ्यास कर सकता है। इससे अभ्यास अधिक रोचक बनता है और बार-बार प्रशिक्षण की प्रेरणा मिलती है। कंप्यूटर आधारित तकनीक से हाथ-आंख के समन्वय, प्रतिक्रिया समय, स्मृति और ध्यान का प्रशिक्षण दिया जा सकता है। वहीं रोबोटिक रिहैबिलिटेशन और एक्सोस्केलेटन हाथ, उंगलियों तथा पैरों की नियंत्रित गतिविधियों में सहायता करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये तकनीकें चिकित्सक के उपचार की पूरक हैं, उनका विकल्प नहीं।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि मरीज की चिकित्सकीय स्थिति स्थिर होने के बाद उसकी जरूरत के अनुसार पुनर्वास जल्द शुरू करना चाहिए। अस्पताल में उपचार के साथ घर पर नियमित अभ्यास, परिवार की भागीदारी और समय-समय पर प्रगति की समीक्षा भी जरूरी है। पुनर्वास की सफलता निरंतरता, धैर्य और व्यक्तिगत जरूरतों के अनुरूप तैयार कार्यक्रम पर निर्भर करती है।

कार्यक्रम का उद्घाटन बीसीपीओ के विभागाध्यक्ष सह नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. प्रियदर्शी आलोक, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अभय कुमार जायसवाल, फिजियोथेरेपी विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार, ओक्यूपेशनल थेरेपी विभागाध्यक्ष डॉ. उदय कुमार, शैक्षणिक प्रभारी डॉ. उमेश कुमार, मुख्य संसाधन व्यक्ति डॉ. नीरज मिश्रा तथा डीआरएम न्यूज-24 के ब्यूरो प्रमुख सुरेंद्र कुमार रंजन सहित अन्य चिकित्सकों एवं थेरेपिस्टों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर डॉ. प्रियदर्शी आलोक ने न्यूरो रिहैबिलिटेशन को ऐसी चिकित्सा प्रक्रिया बताया, जो चोट, स्ट्रोक, लकवा अथवा बीमारी के कारण प्रभावित शारीरिक और मानसिक क्षमताओं को पुनः विकसित करने में मदद करती है।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अभय कुमार जायसवाल ने डॉ. नीरज मिश्रा का परिचय देते हुए बताया कि वे बिहार के मूल निवासी और बीसीपीओ के वर्ष 2000 बैच के मेधावी छात्र रहे हैं। वे जी.बी. पंत अस्पताल, नई दिल्ली में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें एआईओटीए के ‘प्रोफेशनल एक्सीलेंस अवार्ड’ के अंतर्गत ‘यंग ओटी अचीवर अवार्ड’ से सम्मानित किया जा चुका है।

उल्लेखनीय है कि उत्सव पखवाड़े के अंतर्गत दो वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए गए। पहला सत्र दो नवंबर को ‘माइंड रिजुवेनेशन साइंस’ विषय पर इंटरैक्टिव एवं अनुभवात्मक कार्यशाला के रूप में आयोजित हुआ था। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जबीन बानो एवं डॉ. निरुपमा सिंह ने संयुक्त रूप से किया। बड़ी संख्या में चिकित्सक, थेरेपिस्ट, छात्र-छात्राएं और कर्मचारी उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. पूर्णिमा ने किया।

आधुनिक न्यूरो पुनर्वास का मूल मंत्र है समय पर उपचार, उद्देश्यपूर्ण अभ्यास, वैज्ञानिक तकनीक, निरंतरता और परिवार का सहयोग। इसका अंतिम लक्ष्य केवल शारीरिक क्षमता लौटाना नहीं है, बल्कि व्यक्ति को सम्मानपूर्वक स्वतंत्र और बेहतर जीवन जीने योग्य बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *