पटना: पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के जे डी वीमेंस कॉलेज सभागार में आयोजित तीन दिवसीय अंतरमहाविद्यालय सांस्कृतिक स्पर्धा का समापन शनिवार को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ। समापन समारोह में विभिन्न श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियाँ दीं।
स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजयी कलाकार आगामी बिहार दिवस समारोह में पटना में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
इस प्रतियोगिता में जे डी वीमेंस कॉलेज ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। कॉलेज के संगीत विभाग की छात्राओं और छात्रों ने प्रो. रीता दास, डॉ. रेखा और प्रियंका कुमारी के मार्गदर्शन में शास्त्रीय संगीत, सुगम संगीत, लोकगीत, समूह लोकनृत्य, शास्त्रीय नृत्य और नाटक सहित कई विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
संगीत विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. रीता दास ने कहा कि छात्रों ने अधिकतम श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त कर कॉलेज की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई दी है। उन्होंने इसका श्रेय कॉलेज की प्राचार्या प्रो. मीरा कुमारी को देते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग से ही यह संभव हो पाया है।
प्रो. दास ने यह भी बताया कि संगीत विभाग के कलाकारों ने युवा प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में प्रत्येक विधा के लिए विशेषज्ञ निर्णायकों को आमंत्रित किया गया था, जिन्होंने निष्पक्षता के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं का चयन किया।
आगामी बिहार दिवस समारोह में जे डी वीमेंस कॉलेज के संगीत विभाग की अनीशा कुमारी, श्रेया श्रीवास्तव और आद्या शक्ति सहित अन्य प्रतिभागी अपनी प्रस्तुति देंगी।
समापन समारोह में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।