पटना, 25 जुलाई 2026। पटना वीमेंस कॉलेज (स्वायत्त) के शिक्षा विभाग में चार वर्षीय इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (ITEP) एवं द्विवर्षीय बी.एड. के नवीन शिक्षण सत्र का शुभारंभ गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का प्रारंभ शिक्षा विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. मधुमिता द्वारा स्वागत एवं परिचय के साथ हुआ। उन्होंने सभी विशिष्ट अतिथियों, प्राध्यापकों एवं नवप्रवेशी छात्राओं का हार्दिक स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रूपरेखा से सभी को अवगत कराया।
इसके उपरांत शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. सिस्टर एम. तनिषा, ए.सी. तथा शिक्षा विभाग के संकाय सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन किया गया। दीप प्रज्ज्वलन ज्ञान, आशा एवं नए शैक्षणिक सत्र के मंगलमय शुभारंभ का प्रतीक रहा।
तत्पश्चात “तितली की कहानी” विषय पर एक प्रेरणादायक प्रार्थना सभा आयोजित की गई। इस प्रस्तुति के माध्यम से बताया गया कि किस प्रकार तितली अपने ककून (कोष) से संघर्ष करते हुए बाहर निकलती है और यही संघर्ष उसे जीवन की चुनौतियों का सामना करने के योग्य एवं सशक्त बनाता है। छात्राओं को भी यह संदेश दिया गया कि वे अपने सीमित एवं आरामदायक परिवेश से बाहर निकलकर आत्मविकास की दिशा में निरंतर प्रयास करें। यह भी बताया गया कि बी.एड. एक व्यावसायिक शिक्षक-प्रशिक्षण कार्यक्रम है, इसलिए सभी प्रशिक्षुओं को अनुशासन, समर्पण, परिश्रम एवं दृढ़ संकल्प के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। यह प्रेरक कथा सभी छात्राओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं उपयोगी सिद्ध हुई।
इसके पश्चात तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी अतिथियों का अभिनंदन किया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में डॉ. सिस्टर एम. तनिषा, ए.सी. ने नवप्रवेशी छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें नियमित रूप से महाविद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने तथा महाविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले प्रत्येक अवसर का पूर्ण लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं से अपने शैक्षणिक जीवन में समर्पण, उत्तरदायित्व, नैतिक मूल्यों एवं उत्कृष्टता को अपनाकर एक आदर्श शिक्षक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. मधुमिता ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी विशिष्ट अतिथियों, प्राध्यापकों, छात्राओं तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
समारोह का समापन पूरे उत्साह एवं गौरव के साथ सभी प्रतिभागियों द्वारा सामूहिक रूप से कॉलेज गान के गायन के साथ हुआ।