पटना: 6 नवंबर 2025 :: ब्रैडफोर्ड ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स के तत्वावधान में “डिज़ाइन थिंकिंग इन इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप” विषय पर एक राष्ट्रीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों और युवा उद्यमियों में रचनात्मकता, नवाचार तथा समस्या-समाधान की नई सोच को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. एन. एम. पी. वर्मा, पूर्व कुलपति, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ ने कहा कि “डिज़ाइन थिंकिंग आधुनिक शिक्षा और उद्यमिता का मूल आधार है।” उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज की समस्याओं को सहानुभूति और रचनात्मक दृष्टि से देखकर उनके व्यावहारिक समाधान विकसित करें।
विशिष्ट अतिथि प्रो. बेकन शर्मा, पूर्व डीन, विज्ञान संकाय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज ने कहा कि “नवाचार ही विकास की वास्तविक शक्ति है।” उन्होंने युवाओं की कल्पनाशक्ति और ऊर्जा को समाज परिवर्तन का माध्यम बताया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो. राजकुमार सिंह, डीन (अनुसंधान एवं विकास), स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज़, वाराणसी ने डिज़ाइन थिंकिंग के पाँच चरणों—सहानुभूति, समस्या परिभाषा, विचार निर्माण, प्रोटोटाइप विकास और परीक्षण—की विस्तृत व्याख्या की। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया किसी भी नवाचार को व्यवस्थित और प्रभावी बनाती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. मनोज कुमार मिश्रा, प्राचार्य, इंटरनेशनल बिज़नेस कॉलेज, पटना ने की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ छात्रों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक दृष्टिकोण भी प्रदान करती हैं।
इनोवेशन काउंसिल के समन्वयक श्री एस. एम. मुज़फ्फर हमीद ने स्वागत भाषण में कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और कहा कि संस्थान सदैव छात्रों को नवीन सोच और उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करता रहेगा।
आईक्यूएए समन्वयक श्री मृदुल कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर ब्रैडफोर्ड ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन इंजीनियर धर्मेंद्र कुमार ने बधाई देते हुए कहा कि संस्थान भविष्य में भी इस प्रकार के ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, जिससे छात्र नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में अग्रसर हों।