दरभंगा: 05 नवम्बर 2025 :: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिला पदाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने आज बाजार समिति, शिवधारा स्थित बज्रगृह सह संग्रहण मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पोल्ड ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था, संग्रहण स्थल की भौतिक स्थिति, निगरानी तंत्र तथा सीसीटीवी कैमरा नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान की समाप्ति के उपरांत पोल्ड ईवीएम का सुरक्षित संग्रहण सुनिश्चित किया जाए तथा त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था को कड़ाई से लागू किया जाए। उन्होंने मतगणना केंद्र परिसर में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी, दरभंगा, संबंधित अंचल अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।