पटना, 9 मई 2026। संगीत शिक्षायतन, पटना के 26वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक श्रृंखला का समापन शुक्रवार को भव्य नृत्य नाटिका ‘भारतीय भूमि की महानतम नारियां’ (Goddess of Indian Soil) के सफल मंचन के साथ हुआ। कथक शैली पर आधारित इस नृत्य नाटिका ने भारतीय नारी शक्ति, त्याग, धैर्य, विद्वता और करुणा के विविध स्वरूपों को भावपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत कर दिया।

संस्था द्वारा 3 मई से 9 मई 2026 तक विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। समारोह के अंतर्गत 3 मई को ‘रुद्र: द रिडीमर’ (#Rudra_the_Redeemer) कार्यक्रम में जरूरतमंद लोगों के बीच प्रसाद एवं आवश्यक सामग्री का वितरण याश्वान रुद्र के हाथों किया गया।
4 मई को ‘कला प्रवाह-48’ के तहत ‘उमंग’ स्नेह घर के बच्चों के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया तथा सभी प्रतिभागियों के बीच मिठाई वितरण कर प्रेम और उत्साह का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संयोजन कला विशेषज्ञ शुभम शर्मा ने किया तथा इसका निर्देशन कथक नृत्यांगना गुरु यामिनी के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
5 मई को क्रिएटिव नृत्य विद्या के माध्यम से विशेष नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को आकर्षित किया।
समारोह के अंतिम दिन 9 मई को मंचित नृत्य नाटिका ‘भारतीय भूमि की महानतम नारियां’ में भारतीय स्त्री चेतना को काव्यात्मक एवं भावात्मक कथक शैली में प्रस्तुत किया गया। नृत्य नाटिका का निर्देशन प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना यामिनी ने किया। प्रस्तुति की शुरुआत सृष्टि की प्रथम कथा मनु और श्रद्धा से हुई, जिसमें श्रद्धा के धैर्य और समर्पण को दर्शाया गया। इसके बाद सीता के चरित्र के माध्यम से प्रकृति, आत्मबल, विद्वता और श्रीराम के प्रति उनके अटूट विश्वास को प्रभावशाली ढंग से मंचित किया गया।
तीसरी प्रस्तुति यशोधरा पर आधारित थी, जिसमें त्याग, करुणा और भगवान बुद्ध के प्रति उनकी उत्कंठा को मार्मिक रूप में दर्शाया गया। अंतिम प्रस्तुति में आम्रपाली के जीवन को चित्रित किया गया, जिसमें उन्होंने संघर्षों के बीच अपने लिए मार्ग खोजते हुए बुद्ध की शरण में जाकर युद्ध को विराम देने का संदेश दिया।
नृत्य नाटिका का संयोजन तान्या शर्मा ने किया। कलाकारों में आराध्या श्रीवास्तव, पीयूषी मिश्रा, अवनी राज, रिशिता कुमारी, कंचन प्रिया, निशि सिन्हा एवं अध्या राज ने अपने उत्कृष्ट नृत्य एवं अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के सेट डिज़ाइन एवं प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी रवि मिश्रा एवं कारण कुमार ने निभाई। अवसर पर संस्था की अध्यक्ष श्रीमती रेखा शर्मा ने सभी कलाकारों एवं आयोजकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।