ब्रैडफोर्ड ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स, पटना के विद्यार्थियों के द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी से ‘विकसित भारत – 2047’ पर संवाद

Uncategorized

पटना: 4 अक्टूबर 2025 :: बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित एक विशेष एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम में ब्रैडफोर्ड ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स, पटना के छात्रों को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद करने का अवसर प्राप्त हुआ। यह संवाद विद्यार्थियों के लिए गर्व, प्रेरणा और आत्मविश्वास से भरा हुआ क्षण साबित हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री श्री मोदी से देश के समग्र विकास, नई शिक्षा नीति, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप संस्कृति एवं युवा सशक्तिकरण जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा की। प्रधानमंत्री जी ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि —
“भारत का युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान का नेतृत्वकर्ता है। जब युवा सोचता है, तो भारत आगे बढ़ता है।” उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार, परिश्रम और राष्ट्र सेवा के मार्ग पर अग्रसर रहने का संदेश दिया तथा कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान होना चाहिए।
इस अवसर पर ब्रैडफोर्ड ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन इंजीनियर धर्मेंद्र कुमार ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें इस ऐतिहासिक अवसर के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद करना विद्यार्थियों के जीवन का अमूल्य अनुभव है, जो उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच और प्रेरणा देगा। उन्होंने यह भी कहा कि ब्रैडफोर्ड ग्रुप सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नैतिक शिक्षा और नेतृत्व कौशल को प्रोत्साहित करता रहा है। कार्यक्रम में योजना एवं विकास विभाग, बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं और युवा केंद्रित नीतियों की जानकारी साझा की। अंत में संस्थान के प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश ने छात्रों में नई ऊर्जा और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना का संचार किया है। विद्यार्थियों ने “विकसित भारत 2047” के सपने को साकार करने हेतु समर्पित रहने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *