संगीत शिक्षायतन में कृष्ण जन्माष्टमी पर सजा सुर-ताल का मनोहारी रंग, ‘कृष्ण किल्लौल’ कार्यक्रम ने बांधा समां

Regional

पटना: 4 सितंबर 2026 :: कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर संगीत शिक्षायतन, पटना में भक्ति, संगीत और नृत्य से सराबोर सांगीतिक कार्यक्रम ‘कृष्ण किल्लौल’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजन एवं हवन से हुई। इसके पश्चात् लगभग 15 मिनट तक “श्रीकृष्ण गोविन्द हरे मुरारी…” मंत्र-जाप किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम के गायन विभाग की ओर से कलाकारों ने भजन, स्तुति एवं रागों की अनुपम प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अमित प्रकाश, अद्विका, अनुपमा प्रिया, पूजा चौधरी, मानस मिश्रा, शौर्य सागर, निशित एवं प्रियांशु ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में भक्ति और संगीत का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया। तबले पर गुरु शुभम मिश्रा तथा हारमोनियम पर गुरु सागर गुप्ता ने प्रभावशाली संगत की।

गायन प्रस्तुतियों में “कान्हा रे नंद नंद, परम निरंजन, हे दुख भंजन” कृष्ण भजन ने विशेष आकर्षण पैदा किया। इसके अलावा राग देश – “सौ रागनियों से सजा भारत” तथा ग़ज़ल “मैं हवा हूँ, कहाँ…” की प्रस्तुति को भी दर्शकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के नृत्य विभाग ने भी अपनी मनोहारी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। तृषा एवं माही ने “कान्हा रे…” पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं “बरसाने की छोरी” पर मानवी, शानवी, शिवांगी, मयूर, मयंक, सुबदा, शाश्वत, अर्नव एवं अंशिका ने अद्भुत एवं मनोरम प्रस्तुति देकर ब्रज की कृष्ण-भक्ति और लोक-संस्कृति को मंच पर जीवंत कर दिया।

कथक नृत्यांगना गुरु यामिनी ने कृष्ण जन्म की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। इसके साथ ही बच्चों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की झांकी ने कार्यक्रम में विशेष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आकर्षण जोड़ा। झांकी ने दर्शकों को भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और ब्रज की भक्ति परंपरा की सुंदर अनुभूति कराई।

कार्यक्रम के समापन पर सभी अभिभावकों एवं दर्शकों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। गुरु रवि मिश्रा ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों, कलाकारों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि संगीत एवं नृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और भक्ति की परंपरा को नई पीढ़ी तक सहज एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *