शिक्षायतन के विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
पटना, 5 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संगीत शिक्षायतन, पटना परिसर में ग्रीन ईवॉन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘टुवर्ड्स द नेचर’ (Towards the Nature) कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में शिक्षायतन के संगीत, नृत्य एवं वादन विभाग के विद्यार्थियों तथा ‘तुम और हम’ समर कैंप के प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने समाज को यह संदेश दिया कि प्रकृति के संरक्षण के साथ-साथ अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं संतुलित बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अवधेश झा (योग, पर्यावरण एवं वेदांत विशेषज्ञ), अमित कुमार (पर्यावरण विशेषज्ञ) तथा राहुल कुमार (कंसल्टेंट, दिल्ली) उपस्थित रहे।
ग्रीन ईवॉन फाउंडेशन के संस्थापक एवं समन्वयक अवधेश झा ने अपने संबोधन में कहा कि दैनिक जीवन की छोटी-छोटी सकारात्मक आदतें पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। उन्होंने जल, ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग पर बल दिया।
पर्यावरण विशेषज्ञ अमित कुमार ने ग्लोबल वार्मिंग की चुनौती पर चर्चा करते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण, ऊर्जा संरक्षण तथा प्रदूषण नियंत्रण की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से बिजली की खपत कम करनी चाहिए, आवश्यकता न होने पर पंखे और लाइट बंद रखने चाहिए तथा वाहनों को प्रदूषण-मुक्त रखने का प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान योग गुरु अभिषेक कुमार ने शारीरिक एवं मानसिक पर्यावरण के संतुलन पर प्रकाश डालते हुए योग, प्राणायाम एवं सूर्य नमस्कार के लाभों की जानकारी दी तथा सभी प्रतिभागियों को अभ्यास भी कराया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकला प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी में “प्रकृति” एवं “नीली रोशनी का संसार” विषयों पर आधारित पेंटिंग्स प्रदर्शित की गईं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा।
कार्यक्रम के समापन पर पौधों की प्रदर्शनी के उपरांत सभी शिक्षार्थियों एवं प्रतिभागियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शिक्षकों, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता रही, जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। संचालन यामिनी ने किया।
